सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

खाली लौटते हाथ

लंबे होते दिनों की दास्तां
केवल वही सुना सकता है
जो रोजगार की तलाश में
धूप को सिक्के की तरह 
जेब में सहेजता हैं 

उसके पीठ पर चिपके होते है 
अपमान के अनकहे दंश 
रात के अंधेरे में लौटने के बाद 
उसके समक्ष उठने वाले 
सवालों के कांटों को वो
अपने तलवे में बांध देता है

दीवार पर बैठी छिपकली से 
जिद्द की भित्ति न छोड़ने का 
प्रण लेकर अगले दिन 
फिर से उठता है
गृहस्थी में उगी दरिद्रता 
उसे घूरती हैं 
प्रत्युत्तर में मौन पाकर
फिर से कमतरता की 
धूल को ओढें 
उसके लौटने की प्रतीक्षा करती हैं

कुछ इसी तरह से 
न जाने कितने ही हाथ 
खाली लौटते होंगे 
लंबे बीते दिन की दास्तां 
अपने चुल्हे से 
कहते होंगे 
रीढ़ की हड्डी में 
चिपके अपमान के 
शब्दों को धैर्य की अलगनी पर 
रखते होंगे

टिप्पणियाँ

  1. कुछ इसी तरह से
    न जाने कितने ही हाथ
    खाली लौटते होंगे
    लंबे बीते दिन की दास्तां
    अपने चुल्हे से
    कहते होंगे
    रीढ़ की हड्डी में
    चिपके अपमान के
    शब्दों को धैर्य की अलगनी पर
    रखते होंगे..बहुत ही हृदय स्पर्शी रचना लिखी है आपने,बेरोजगारी और उसके साथ जुड़ी गरीबी जीवन भर की आपदा होतीहै ।

    जवाब देंहटाएं

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

दु:ख

काली रात की चादर ओढ़े  आसमान के मध्य  धवल चंद्रमा  कुछ ऐसा ही आभास होता है  जैसे दु:ख के घेरे में फंसा  सुख का एक लम्हां  दुख़ क्यों नहीं चला जाता है  किसी निर्जन बियाबांन में  सन्यासी की तरह  दु:ख ठीक वैसे ही है जैसे  भरी दोपहर में पाठशाला में जाते समय  बिना चप्पल के तलवों में तपती रेत से चटकारें देता   कभी कभी सुख के पैरों में  अविश्वास के कण  लगे देख स्वयं मैं आगे बड़कर  दु:ख को गले लगाती हूं  और तय करती हूं एक  निर्जन बियाबान का सफ़र

उसे हर कोई नकार रहा था

इसलिए नहीं कि वह बेकार था  इसलिए कि वह  सबके राज जानता था  सबकी कलंक कथाओं का  वह एकमात्र गवाह था  किसी के भी मुखोटे से वह वक्त बेवक्त टकरा सकता था  इसीलिए वह नकारा गया  सभाओं से  मंचों से  उत्सवों से  पर रुको थोड़ा  वह व्यक्ति अपनी झोली में कुछ बुन रहा है शायद लोहे के धागे से बिखरे हुए सच को सजाने की  कवायद कर रहा है उसे देखो वह समय का सबसे ज़िंदा आदमी है।

जनता और सत्ता

१) सिहासनों पर नहीं पड़ती हैं कभी कोई सिलवटें  जबकि झोपड़ियों के भीतर जन्म लेती हैं बेहिसाब   चिंता की रेखाएं  सड़कों पर चलते  माथे की लकीरों ने  क्या कभी की होगी कोशिश होगी  सिलवटों के न उभरने के गणित को  बिगाड़ने की।  २) सत्ता का ताज भले ही सर बदलता रहा राजाओं का फरेबी मन कभी न बदला चाहे वो सत्ता का गीत बजा रहा  या फिर बिन सत्ता पी रहा हाला ३) जिस कटोरे में हम अश्रु बहाते हैं  उसी कटोरे को लेकर हर बार हमारे अंगूठे का अधिकार मांगते हैं आजादी से लेकर अब तक  जो भी सत्ता की कुर्सी पर झूला है हमारे सांसों के साथ  वो मनमर्जी से हर बार खेला है सरिता सैल