सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

धरती का एक टुकड़ा

धरती का एक टुकड़ा


धरती के उस टुकड़े पर
मैं लिखना चाहती हूं एक कविता

बर्बर अंधियारा जहां है व्याप्त
आये दिन युद्धों की घोषणाएं
सुनाई देती है साफ साफ और
खेल में तल्लीन किसी बच्चे के
आंखों में उतर आता है एक खौफ़

फूल तितलियां वहन कर रही है जहां
अपने देह पर उन लड़कियों की राख़
जिन्हें महज एक भूख़ का साधन
समझकर जलाया जा रहा है और
वीरान पड़े हैं वहां स्थित बगीचे

नेताओं के हाथ के चाबूक से
छिल गई है धरती की पीठ
शोषित जनता के आंखों की नमी
सोख रही है ज़मीं पर पड़ी बिवाईयां
गिध्द आसामान में दे रहे हैं पहरा

जब मैं लिखने लगी धरती के
इन तमाम टुकड़ों पर एक कविता
तब समस्त सृष्टि मेरी कविता का
हिस्सा बनती गई  और कुछ इस तरह

मेरी लेखनी ने विरोध का जयघोष किया
बच्ची की आंखों में अब तैरते फूल तितलियां
लड़कियां लहराती पंरचम निडरता का
चुनाव में अंगूठे पर लगने वाली स्याही
शोषितों ने भर दी है अब कलम में 
अब मेरे कविता के शब्द शब्द बने हैं
अंधियारे में *विश्वास* जगाता हथियार

टिप्पणियाँ

  1. मेरी लेखनी ने विरोध का जयघोष किया
    बच्ची की आंखों में अब तैरते फूल तितलियां
    लड़कियां लहराती पंरचम निडरता का
    चुनाव में अंगूठे पर लगने वाली स्याही
    शोषितों ने भर दी है अब कलम में
    अब मेरे कविता के शब्द शब्द बने हैं
    अंधियारे में *विश्वास* जगाता हथियार

    अति उत्तम ,लाजवाब बहुत सुंदर रचना

    जवाब देंहटाएं
  2. फूल तितलियां वहन कर रही है जहां
    अपने देह पर उन लड़कियों की राख़
    जिन्हें महज एक भूख़ का साधन
    समझकर जलाया जा रहा है और
    वीरान पड़े हैं वहां स्थित बगीचे
    पूरी कविता बहुत उत्तम प्रणाम नमन करता हूं

    जवाब देंहटाएं

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

दु:ख

काली रात की चादर ओढ़े  आसमान के मध्य  धवल चंद्रमा  कुछ ऐसा ही आभास होता है  जैसे दु:ख के घेरे में फंसा  सुख का एक लम्हां  दुख़ क्यों नहीं चला जाता है  किसी निर्जन बियाबांन में  सन्यासी की तरह  दु:ख ठीक वैसे ही है जैसे  भरी दोपहर में पाठशाला में जाते समय  बिना चप्पल के तलवों में तपती रेत से चटकारें देता   कभी कभी सुख के पैरों में  अविश्वास के कण  लगे देख स्वयं मैं आगे बड़कर  दु:ख को गले लगाती हूं  और तय करती हूं एक  निर्जन बियाबान का सफ़र

जनता और सत्ता

१) सिहासनों पर नहीं पड़ती हैं कभी कोई सिलवटें  जबकि झोपड़ियों के भीतर जन्म लेती हैं बेहिसाब   चिंता की रेखाएं  सड़कों पर चलते  माथे की लकीरों ने  क्या कभी की होगी कोशिश होगी  सिलवटों के न उभरने के गणित को  बिगाड़ने की।  २) सत्ता का ताज भले ही सर बदलता रहा राजाओं का फरेबी मन कभी न बदला चाहे वो सत्ता का गीत बजा रहा  या फिर बिन सत्ता पी रहा हाला ३) जिस कटोरे में हम अश्रु बहाते हैं  उसी कटोरे को लेकर हर बार हमारे अंगूठे का अधिकार मांगते हैं आजादी से लेकर अब तक  जो भी सत्ता की कुर्सी पर झूला है हमारे सांसों के साथ  वो मनमर्जी से हर बार खेला है सरिता सैल

जब वह औरत मरी थी

जब वह औरत मरी तो रोने वाले ना के बराबर थे  जो थे वे बहुत दूर थे  खामोशी से श्मशान पर  आग जली और  रात की नीरवता में  अंधियारे से बतयाती बुझ गई  कमरे में झांकने से मिल गई थी  कुछ सुखी कलियां  जो फूल होने से बचाई गई थी  जैसे बसंत को रोक रही थी वो  कुछ डायरियों के पन्नों पर  नदी सूखी गई थी  तो कहीं पर यातनाओं का वह पहाड़ था जहां उसके समस्त जीवन के पीडा़वों के वो पत्थर थे जिसे ढोते ढोते उसकी पीठ रक्त उकेर गई थी कुछ पुराने खत जिस पर  नमक जम गया था  डाकिया अब राह भूल गया था मरने के बाद उस औरत ने  बहुत कुछ पीछे छोड़ा था  पर उसे देखने के लिए  जिन नजरों की  आज जरूरत थी  उसी ने नजरें फेर ली थी  इसीलिए तो उस औरत ने  आंखें समय के पहले ही मुद ली थी ।