सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं


 *तलाक मांगती औरतें*

तलाक माँगती औरतें अच्छी नहीं लगती है
वह रिश्तों के उस बहीखाते में बोझ सी लगने लगती है
जिस पर पिता ने लिखा था उसके शादी का खर्चा
उस माँ की नजरों में भी ख़टकने लगती है
जिसमें अब पल रहा होता है
उसकी छोटी बहन के शादी का ख्वाब....
तलाक माँगती औरतें बिल्कुल अच्छी नहीं लगती है
गाँव का कुआँ हररोज सुनता है उसके बदचलन होने की अफवाह
जब मायके आती है
वातावरण में एक भारीपन साथ लेकर आती है
जैसे अभी-अभी घर की खिलखिलाहट को
किसी ने बुहारकर  कोने में रख दिया हो
तलाक माँगती औरतें किसी घटना की तरह चर्चा का विषय बन जाती है
उछाली जाती है वह कई-कई दिनों तक
तलाक मांगती औरतें बिल्कुल अच्छी नहीं लगती है
दो घरों के बीच पिसती रहती है
मायके  में कंकड़ की तरह बिनी जाती है
और एक दिन,
अपना बोरिया-बिस्तर बांध
किसी अनजान शहर में जा बैठती है
और जोड़ देती है अपने टुटे पंखों को
दरवाजे पर चढ़ा देती है अपने नाम का तख्ता
आग में डाल देती है उन तानों को
जो उसे कभी दो वक्त की रोटी के साथ मिला करते थे
चढ़ा देती है चूल्हे पर नमक अपने पसीने का
और ये औरतें इस तलाक शब्द को
खुद की तलाश में मुक्कमल कर देती है......

टिप्पणियाँ

  1. बहुत अच्छी कविता ।।आपकी निगाह संदर्भ को सूक्ष्म नजरिये से देखती है।भाषा बांधती है।शुभकामनायें ।

    जवाब देंहटाएं
  2. कविता बहुत यथार्थ को उकेर रही है ।

    जवाब देंहटाएं
  3. नारी की स्थिति का मार्मिक चित्रण ।

    जवाब देंहटाएं
  4. सच कहा आपकी कविता से अपने

    जवाब देंहटाएं
  5. सही कहा...तलाक शब्द समाज का कलंक है, जिसे स्त्री को ही ढोना होता है। बहुत बढ़िया।

    जवाब देंहटाएं
  6. बहुत ही सुंदर ,तलाक एक बदनामी एक तमाचा है औरत के लिए ,तलाक समाज में जीना मुश्किल कर देती है औरत का ,यू ही औरतें सबकुछ बर्दाश्त नही कर लेती अपनी शादी को बचाने के लिए ,
    असलियत बयां करती हुई ,नमस्कार

    जवाब देंहटाएं
  7. यथार्थ की परत डर परत खोलती सजीव रचना -- बहुत सुन्दर

    जवाब देंहटाएं

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

दु:ख

काली रात की चादर ओढ़े  आसमान के मध्य  धवल चंद्रमा  कुछ ऐसा ही आभास होता है  जैसे दु:ख के घेरे में फंसा  सुख का एक लम्हां  दुख़ क्यों नहीं चला जाता है  किसी निर्जन बियाबांन में  सन्यासी की तरह  दु:ख ठीक वैसे ही है जैसे  भरी दोपहर में पाठशाला में जाते समय  बिना चप्पल के तलवों में तपती रेत से चटकारें देता   कभी कभी सुख के पैरों में  अविश्वास के कण  लगे देख स्वयं मैं आगे बड़कर  दु:ख को गले लगाती हूं  और तय करती हूं एक  निर्जन बियाबान का सफ़र

जनता और सत्ता

१) सिहासनों पर नहीं पड़ती हैं कभी कोई सिलवटें  जबकि झोपड़ियों के भीतर जन्म लेती हैं बेहिसाब   चिंता की रेखाएं  सड़कों पर चलते  माथे की लकीरों ने  क्या कभी की होगी कोशिश होगी  सिलवटों के न उभरने के गणित को  बिगाड़ने की।  २) सत्ता का ताज भले ही सर बदलता रहा राजाओं का फरेबी मन कभी न बदला चाहे वो सत्ता का गीत बजा रहा  या फिर बिन सत्ता पी रहा हाला ३) जिस कटोरे में हम अश्रु बहाते हैं  उसी कटोरे को लेकर हर बार हमारे अंगूठे का अधिकार मांगते हैं आजादी से लेकर अब तक  जो भी सत्ता की कुर्सी पर झूला है हमारे सांसों के साथ  वो मनमर्जी से हर बार खेला है सरिता सैल

जब वह औरत मरी थी

जब वह औरत मरी तो रोने वाले ना के बराबर थे  जो थे वे बहुत दूर थे  खामोशी से श्मशान पर  आग जली और  रात की नीरवता में  अंधियारे से बतयाती बुझ गई  कमरे में झांकने से मिल गई थी  कुछ सुखी कलियां  जो फूल होने से बचाई गई थी  जैसे बसंत को रोक रही थी वो  कुछ डायरियों के पन्नों पर  नदी सूखी गई थी  तो कहीं पर यातनाओं का वह पहाड़ था जहां उसके समस्त जीवन के पीडा़वों के वो पत्थर थे जिसे ढोते ढोते उसकी पीठ रक्त उकेर गई थी कुछ पुराने खत जिस पर  नमक जम गया था  डाकिया अब राह भूल गया था मरने के बाद उस औरत ने  बहुत कुछ पीछे छोड़ा था  पर उसे देखने के लिए  जिन नजरों की  आज जरूरत थी  उसी ने नजरें फेर ली थी  इसीलिए तो उस औरत ने  आंखें समय के पहले ही मुद ली थी ।