सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

मछली बाजार की औरतें

मछली बाजार की औरतें 

जब भी मैं 
जाती हूँ मछली बाजार 
एक आदत सी बनी है
उन औरतों को निहारती हूँ 
देखती हूँ मछली बेचने का कौशल 
पल में सोचती हूँ 
चंद पैसों के लिए 
सुबह से शाम लगाती  हांक ये
बैठती हैं ये  बाजार में 
मैं सोचती हूँ 
अगर ये न होती 
इनके मर्दो की सारी मेहनत 
सड़ जाती गल जाती 
जो अभी है समंदर के लहरों से लड़ता हुआ 
लाने को नाव भर  मछलियां 

एक मछली वाली है इन्हीं में 
सूनी है जिसकी कलाई
मांग भी सूना है 
गांव की तिरस्कृत पगडंडी की तरह 
चेहरा थोड़ा काला
कुरूप सा लेकिन मेहनत के  रंग से  दीप्त 
उसके  श्रम को सलाम है मेरा
जिसका  पुरूष समंदर से लड़ते हुए 
लौटा नहीं कभी लेकर मछलियां 

मेरे सामने से 
गुजरते हैं हजारों चेहरे 
नित्य केशों में सफेद फूल बांधते 
नथनी , बिंदी  और पायल से सजी
  और  स्निग्धता से  भरी
ये मछली  बेचती  औरतें 
हर रात अपना श्रंगार 
समंदर के लहरों के भरोसे ही तो करती होंगी 
जिन पर सवार हो उनके पुरूष 
समंदर की गहराई में ढूंढते हैं भूख का हल
मछली के रूप में 

भरी टोकरी मछली बार बार उदास करती है उसे 
और कमर पर खुँसी  पैसे के बटुए को
देखती हैं  कनखी से  समंदर से टोकरी 
और फिर  थैली का सफर बडा़ मुश्किल होता है 
इनमें मछली बाजार की औरतों का। 

टिप्पणियाँ

  1. एक दृश्य खैंचा है इन औरतों का ... जहाँ मैग्नेट और समवेदना दोनों नज़र आती हैं ...

    जवाब देंहटाएं
  2. आपने पूरी तस्वीर उतार दी अपनी रचना में ।बहुत ख़ूब,,,,,,,,,आदरणीय प्रणाम

    जवाब देंहटाएं
  3. बहुत सुंदर खाका खींचा आपने मछुआरनों का। वैसे यह सदा गहनों से लदी होती हैं।बहुत दौलत हैं जिनके पास।

    जवाब देंहटाएं
  4. समाज के कड़वे रूप को प्रदर्शित करती खूबसूरत कविता।

    जवाब देंहटाएं
  5. ये मछली बेचती औरतें
    हर रात अपना श्रंगार
    समंदर के लहरों के भरोसे ही तो करती होंगी
    जिन पर सवार हो उनके पुरूष
    समंदर की गहराई में ढूंढते हैं भूख का हल
    मछली के रूप में ...वाह मछली बाजार की औरतें ....कल्पना की सबसे बड़ी उड़ान भरती कव‍िता सर‍िता जी

    जवाब देंहटाएं
  6. चित्रोपमता भी और वर्णन में सजीवता भी -- बहुत सुन्दर

    जवाब देंहटाएं

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपनो का मर जाना

सपनों का मर जाना वाकई बहुत खतरनाक होता है  वह भी ऐसे समय में  जब बडे़ मुश्किल से  तितली संभाल रही हैं  अपने रंगों का साम्राज्य निर्माण हो रहा है मुश्किल  से गर्भ में शिशु  और जद्दोजहद करके  नदी बना रही हैं  अपना रास्ता  बहुत कठिनाइयों से  वृक्ष बचा रहे हैं अपनी उम्र कुल्हाड़ियों के मालिकों से  वाकई समय बहुत खतरनाक हैं  जब केंचुए के पीठ पर  दांत उग रहे हैं  और ऐसे समय में  सपनों का मर जाना  समस्त सृष्टि का कालांतर में  धीरे-धीरे अपाहिज हो जाना है

नदी

एक नदी दूर से  पत्थरों को तोड़ती रही  और अपने देह से  रेत को बहाती रही  पर रेत को थमाते हुए  सागर की बाहों में  उसने सदा से  अपने जख्मों को  छुपाकर रखा  और सागर बड़े गर्व से  किनारे पर रचता आया रेत का अम्बार और दुनिया भर के  अनगिनत प्रेमियों ने  रेत पर लिख डाले  अपने प्रेमी के नाम  और शुक्रिया करते रहे  समंदर के संसार का  और नदी तलहटी में  खामोशी से समाती रही  पर्दे के पीछे का दृश्य  जितना पीड़ादायक होता है  उतना ही ओझल  संसार की नज़रों से

एक ऐसा भी शहर

हर महानगरों के बीचो -बीच  ओवरपुल के नीचे  बसता है, एक शहर  रात में महंगे रोशनी में सोता है  सिर के नीचे तह करके  अंँधियारे का तंकिया  यहाँ चुल्हें पर पकती है आधी रोटी और आधी  इस शहर की धूल लोकतंत्र के चश्मे से नहीं दिखता यह शहर क्यों कि इनकी झोली में  होते हैं  इनके उम्र से भी अधिक  शहर बदलने के पते यह शहर कभी किसी जुलूस में  नहीं भाग लेता है ना ही रोटी कपड़े आवास की मांँग करता है  पर महानगरों के बीचो-बीच उगते ये अधनंगे  शहर हमारे जनगणना के खाते में दर्ज नही होते हैं पर न्याय के चौखट के बाहर नर या आदम का खेल खेलते अक्सर हमारे आँखों में खटकते है